बनबसा : 24 घंटे में मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत बनबसा पुलिस की कार्रवाई, चोरी की बजाज प्लेटिना बरामद
बनबसा/चम्पावत। जनपद चम्पावत में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बनबसा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को थाना बनबसा में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिलने पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष बनबसा सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की तत्परता और सटीक कार्रवाई के चलते 10 सितंबर को पम्पापुर, बनबसा क्षेत्र से नितिन राठौर (25) पुत्र जगदीश राठौर, निवासी जोगीनवादा, बनखंडी नाथ मंदिर के पास, थाना बारादरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UK03C 6641 बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा, अपर उपनिरीक्षक भावना गहतौड़ी, कांस्टेबल उमेश प्रसाद, कांस्टेबल पुष्कर सिंह, कांस्टेबल रविंद्र बर्मन और हेड कांस्टेबल संजय शर्मा शामिल रहे।


