एम्बुलेंस चालक की कमी पर डीएम ने लिया त्वरित संज्ञान, टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में हुई व्यवस्था
चिकित्सा प्रबंधन समिति के माध्यम से चालक की तैनाती, एम्बुलेंस सेवा के संचालन में नहीं आएगा व्यवधान
चम्पावत। उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में एम्बुलेंस संचालन के लिए वाहन चालक की कमी का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चिकित्सा प्रबंधन समिति के माध्यम से एक वाहन चालक की व्यवस्था की गई है। इससे अस्पताल में एम्बुलेंस सेवा के संचालन में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में भर्ती एवं उपचाराधीन मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर एम्बुलेंस के माध्यम से लाने-ले जाने तथा गंभीर मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस सेवा का सुचारू संचालन बेहद आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए वाहन चालक की तत्काल व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि चालक की व्यवस्था होने के बाद एम्बुलेंस सेवा नियमित रूप से संचालित हो सकेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष रूप से आकस्मिक एवं गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को बिना देरी के चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

