चम्पावत बार एसोसिएशन के चुनाव संपन्न, भास्कर मुरारी अध्यक्ष, गुणानंद थ्वाल सचिव और अशोक चौधरी उपाध्यक्ष निर्वाचित
चम्पावत। चम्पावत बार एसोसिएशन के चुनाव में भास्कर मुरारी ने अध्यक्ष, गुणानंद थ्वाल ने सचिव और अशोक चौधरी ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। शनिवार को बारिश के बीच हुए चुनाव में 61 मतदाताओं में से 57 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद पर भास्कर मुरारी ने निवर्तमान अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट को 33 मतों के अंतर से शिकस्त दी। भास्कर मुरारी को 44 वोट मिले, जबकि राम सिंह बिष्ट को 11 वोट प्राप्त हुए। तीसरे प्रत्याशी पीएस पाटनी को एक वोट मिला, जबकि एक मतदाता ने नोटा का विकल्प चुना। सचिव पद पर गुणानंद थ्वाल ने दीपक जोशी को 23 मतों से पराजित किया। गुणानंद थ्वाल को 40 और दीपक जोशी को 17 वोट मिले।

उपाध्यक्ष पद पर भी मुकाबला रहा। अशोक चौधरी ने पवनज्योति मनराल को नौ मतों से हराया। अशोक चौधरी को 33 और पवनज्योति मनराल को 24 वोट मिले। वहीं उप सचिव पद पर मनीषा उप्रेती और कोषाध्यक्ष पद पर सुधीर चतुर्वेदी का निर्विरोध निर्वाचन पहले ही हो चुका था।


बार एसोसिएशन के चुनाव परिणामों की घोषणा चुनाव अधिकारी रमेश उप्रेती तथा सहायक चुनाव अधिकारियों कुंदन राणा और रोहित जोशी ने की। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी का माहौल बन गया।


