उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड लोअर PCS 2024 का रिजल्ट जारी, आयुष बेलवाल बने टॉपर; 113 पदों पर हुआ चयन

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 यानी लोअर PCS का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 25 सितंबर 2026 को पदवार चयन परिणाम घोषित किया गया। परीक्षा में देहरादून के आयुष बेलवाल ने पहला स्थान हासिल किया है। विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहे।

आयोग के अनुसार मुख्य लिखित परीक्षा में सफल और अर्ह अभ्यर्थियों के साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड एवं चिकित्सकीय परीक्षण तथा अभ्यर्थियों की ऑनलाइन वरीयता के आधार पर अंतिम श्रेष्ठता क्रम तैयार किया गया है। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कटऑफ अंक भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।

Ad Ad

आयुष बेलवाल ने हासिल किया पहला स्थान

लोअर PCS 2024 की अंतिम मेरिट में आयुष बेलवाल प्रथम, विक्रांत सिंह द्वितीय, हिमानी लोहानी तृतीय, अनिमेष पुनीता चतुर्थ और भूपेश सिंह नगरकोटी पंचम स्थान पर रहे। वहीं, उप कारापाल पद पर चयनित अभ्यर्थियों में गैरसैंण तहसील के डुंगरी निवासी शिक्षक भोला दत्त सिरसवाल के पुत्र मनीष सिरसवाल ने दूसरा स्थान हासिल किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

113 पदों पर हुआ चयन

लोअर PCS 2024 भर्ती के तहत विभिन्न विभागों में कुल 113 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। भर्ती के लिए 3 जनवरी 2025 को विज्ञापन जारी हुआ था। मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम 27 मार्च 2026 को घोषित किया गया था। इसके बाद 27 जुलाई से 3 सितंबर 2026 तक साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई।

किस पद पर कितने अभ्यर्थी चयनित

  • नायब तहसीलदार: 36
  • उप कारापाल: 14
  • पूर्ति निरीक्षक: 36
  • विपणन निरीक्षक: 6
  • श्रम प्रवर्तन अधिकारी: 5
  • आबकारी निरीक्षक: 5
  • ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक: 2
  • गन्ना विकास निरीक्षक: 6
  • खांडसारी निरीक्षक: 3

इस तरह कुल 113 पदों के लिए अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी की गई है।

वेबसाइट पर देख सकेंगे नाम और अंक

अभ्यर्थी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर पदवार चयन परिणाम, अपना प्राप्तांक और संबंधित कटऑफ अंक देख सकते हैं। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार लोअर PCS 2024 की भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण तक पहुंच गई है। UKPSC की आधिकारिक वेबसाइट