विद्युत विभाग के संविदा कर्मी की मौत, परिजनों ने विभाग पर लगाए आरोप
नैनीताल। विद्युत सब स्टेशन में तैनात एक संविदाकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में जिंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं उन्होंने कुछ कर्मचारी व अधिकारियों पर मारपीट कर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी हैं। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया हैं।
जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बैलपड़ाव निवासी देवेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में ज़िंदगी चली गई। देवेंद्र बैलपड़ाव स्थित विद्युत सब स्टेशन में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। दरअसल बीते गुरुवार की दोपहर वो किसी काम से रामनगर गए हुए थे। इस दौरान भवानीगंज क्षेत्र में उनके साथ कथित रूप से मारपीट की घटना हुई।
मृतक के मौसरे भाई अशोक कुमार ने बताया कि वह किसी काम से रामनगर आए हुए थे और भवानीगंज क्षेत्र में मौजूद थे। इस दौरान अचानक शोर शराबा सुनकर वह कार से बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि दो लोग देवेंद्र को पीट रहे थे तथा जबरन उसे एक कार में डालकर अपने साथ ले गए। अशोक कुमार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी देवेंद्र के परिजनों को दी। परिजनों का कहना है कि कुछ देर बाद विद्युत विभाग से जुड़े लोग देवेंद्र को गंभीर हालत में रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र की मौत पर परिजनों को गहरा सदमा लगा तथा उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों ने देवेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की जिसके कारण उसकी जिंदगी चली गई।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी हैं, वहीं मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस हर पहलू से जांच पड़ताल में जुटी हुई है। देवेंद्र की मौत का कारण क्या था यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

