चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत: अर्दली चन्दन सिंह रावत और प्रशासनिक अधिकारी बची सिंह जीना को भावभीनी विदाई

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में शुक्रवार को अर्दली चन्दन सिंह रावत तथा तहसील कार्यालय चम्पावत के प्रशासनिक अधिकारी बची सिंह जीना के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दोनों अधिकारियों को माल्यार्पण कर शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए और उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि चन्दन सिंह रावत के साथ कार्य करने का अनुभव अत्यंत सुखद रहा। उन्होंने पिछले एक वर्ष के दौरान अपनी निष्ठा, सरल स्वभाव और कार्यकुशलता से सभी का विश्वास जीता। उन्होंने कहा कि जनपद की जमीनी परिस्थितियों को समझने और प्रशासनिक कार्यों में उनका सहयोग हमेशा महत्वपूर्ण रहा।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारी बची सिंह जीना के दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, अनुशासित कार्यशैली और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका कार्य सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा।

अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अर्दली चन्दन सिंह रावत ने कहा कि राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनके हमेशा आत्मीय संबंध रहे। उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार की आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने बताया कि उनका सपना सेना में जाने का था, लेकिन उन्हें अपने ही क्षेत्र के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला, जिसे वह अपना सौभाग्य मानते हैं।

अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने कहा कि राजस्व विभाग एक परिवार की तरह है और इसमें कार्य करना अपने आप में सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि चन्दन सिंह रावत और बची सिंह जीना जैसे कर्मठ, ईमानदार और समर्पित कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं से विभाग की गरिमा बढ़ाई है और उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कार्मिकों के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बी.सी. पंत, नगर पालिका एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा दोनों सेवानिवृत्त कार्मिकों के परिजन भी उपस्थित रहे।