चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

चम्पावत : गुरु रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’, जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर शुक्रवार को चम्पावत में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए सामाजिक समरसता और जनसहभागिता को अभियान का प्रमुख उद्देश्य बताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुसार जनपद में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। अभियान के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

Ad Ad

प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा ने बताया कि 29 जुलाई से शुरू हुए “समरसता संकल्प अभियान” के तहत जनपद के विभिन्न गुरु रविदास मंदिरों एवं सामाजिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। इसके अलावा कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान और समरसता यात्रा का भी चरणबद्ध आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को जनपद के संत रविदास मंदिरों में दीपोत्सव एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, 30 जुलाई को वाराणसी से लाई जाने वाली पवित्र मिट्टी एवं कलश के स्वागत कार्यक्रम जनपद स्तर पर आयोजित होंगे। इसके बाद विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों में समरसता संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, आत्मसम्मान और मानवता का प्रेरक संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में भाईचारा, सम्मान और समरसता की भावना को और अधिक सशक्त करना है।

पत्रकार वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने की, जबकि संचालन जिला मीडिया संयोजक राजेन्द्र गड़कोटी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर दत्त पांडे, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश पांडेय, गौरव पाण्डेय, लक्ष्मण सिंह बोहरा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए राजू बिष्ट को जिला संयोजक तथा राजू गड़कोटी, शशांक गोयल, मुकेश जोशी और सूरज कुमार को सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।