चंपावतनवीनतम

छह माह बाद भी वादा अधूरा, 365 दिन रोजगार के लिए PRD जवानों का प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट में सड़क पर उतरे जवान, समान कार्य-समान वेतन की मांग; विधानसभा चुनाव से पहले समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

लोहाघाट/चम्पावत। छह माह से अधिक समय बीतने के बाद भी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों में नाराजगी बढ़ने लगी है। सालभर रोजगार की गारंटी और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर जवानों ने शनिवार को लोहाघाट में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि विधानसभा चुनाव से पहले मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।

Ad Ad

PRD जवानों के अनुसार, देहरादून में 120 दिन तक चले आंदोलन के बाद विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने उनकी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया था। लेकिन छह माह से अधिक समय गुजरने के बावजूद कोई ठोस राहत नहीं मिलने से जवानों का आक्रोश बढ़ रहा है।

जिलाध्यक्ष भैरव दत्त ने कहा कि होमगार्ड जवानों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी हुई है, जबकि PRD जवान अब भी अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि PRD जवान विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कंप्यूटर संचालन, वाहन चलाने और सुरक्षा व्यवस्था जैसी जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन उन्हें सालभर रोजगार की गारंटी नहीं मिल रही है।

जवानों का कहना है कि सरकारी विभागों को जरूरत पड़ने पर उनकी सेवाएं ली जाती हैं, लेकिन रोजगार की निरंतरता और समान वेतन का मुद्दा अब तक लंबित है। अनिश्चित रोजगार के कारण उन्हें परिवार का भरण-पोषण करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से केवल आश्वासन देने के बजाय मांगों पर स्पष्ट निर्णय लेने की अपील की। उनका कहना है कि 365 दिन रोजगार और समान कार्य-समान वेतन मिलने से जवानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक स्थिरता के साथ कर सकेंगे।

जवानों ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। विधानसभा चुनाव से पहले मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।

प्रदर्शन में दीपक मेहता, जीवन कापड़ी, ओमप्रकाश, प्रकाश राम, सुनीता मेहता, अनीता मेहर, अनीता भट्ट, रेखा बोहरा, शोभा, वीरेंद्र मेहता, बलदेव प्रसाद, महेश राम, नरेंद्र कुमार, खिलानंद जोशी, बृजेश सिंह, खीमानंद जोशी, जीवन राम, देव लाल, लक्ष्मण चंद्र, रोशन लाल, गोविंद सिंह, रविंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, पुष्कर सिंह, सुनील प्रसाद, उमेश गहतोड़ी, गुड़िया, हेमा भट्ट, रीता मुरारी, पूजा फर्त्याल, अर्जुन, भुवन सिंह मेहता, दया किशन जोशी, बबलू विश्वकर्मा, देवेंद्र सिंह, हरीश सिंह और रमेश राम समेत अन्य जवान मौजूद रहे।