आंखें खुली नहीं और इतने बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें लेटेस्ट रेट्स
तेल कंपनियों ने आज देशभर में नए रेट्स जारी कर दिए हैं
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ेंगे और वही खबर आज सच साबित हो गई। पेट्रोल और डीजल के दामों में आज शुक्रवार को वृद्धि कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक पेट्रोल के दाम 3.14 रुपये और डीजल के दामों में 3.11 रुपये की वृद्धि की गई है।
राष्ट्रीय राजधानी में अब से एक लीटर पेट्रोल के दाम 97.77 रुपये हो गए हैं। वहीं, डीजल की नई कीमत 90.67 रुपये हो गई हैं। कोलकाता में पेट्रोल के नए दाम 108.74 रुपये हो गए हैं। डीजल के दाम बढ़कर 95.13 रुपये हो गए हैं। मायानगरी मुंबई में पेट्रोल के नए दाम 106.68 रुपये तय किए गए हैं। डीजल के दामों की बात करें तो 93.14 रुपये हो गए हैं। चेन्नई में 1 लीटर पेट्रोल के दाम 103.67 रुपये हो गए हैं। यहां 1 लीटर डीजल के दाम 95.25 रुपये हो गए हैं।
बता दें, ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के चलते क्रूड ऑयल के दामों में काफी उछाल देखने को मिल रहा है। इसी वजह से भारतीय तेल कंपनियों को हर महीने करीब 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था। कुछ समय पहले तक कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थीं, लेकिन अब यही कीमतें 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुकी हैं। आपको बता दें, देश में पिछले चार सालों से पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर थे, लेकिन आज इन दामों में फेरबदल किया गया है।

