चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमशिक्षा

लोहाघाट में पहले मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र का शुभारंभ, ग्रामीण छात्रों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा

ख़बर शेयर करें -

फोर्ती के आदर्श जूनियर हाई स्कूल में खुली आधुनिक लाइब्रेरी, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने किया सहयोग का ऐलान

लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप मॉडल जनपद चम्पावत में ग्रामीण छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। लोहाघाट ब्लॉक के आदर्श जूनियर हाई स्कूल, फोर्ती में जिले के पहले मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का शुभारंभ किया गया।

Ad Ad

ज्ञान केंद्र का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने किया। इस अवसर पर समाजसेवी सचिन जोशी, शिक्षक गोविंद बोहरा तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा के प्रबंधक परविंदर सिंह नागर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। ज्ञान केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उनके गांव में ही बेहतर अध्ययन सामग्री, आधुनिक पुस्तकें और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद वे अपने सपनों को साकार कर सकें। कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता सहित शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रेनू बगोली ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता ने किया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने ज्ञान केंद्र के लिए दो सीसीटीवी कैमरे, एक इनवर्टर और विद्यालय की क्षतिग्रस्त दीवार के पुनर्निर्माण की घोषणा की। समाजसेवी सचिन जोशी ने एक वर्ष का वाई-फाई बिल वहन करने तथा विद्यालय की क्षतिग्रस्त रेलिंग और फर्श की मरम्मत कराने की घोषणा की। शिक्षक गोविंद बोहरा ने पुस्तकें उपलब्ध कराने और एसबीआई शाखा प्रबंधक परविंदर सिंह नागर ने वॉटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं ज्ञान केंद्र के संचालन के लिए सुधांशु उपाध्याय ने निशुल्क सेवाएं देने की घोषणा की, जिसका उपस्थित लोगों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार को भी शामिल होना था, लेकिन भारी बारिश के कारण वे नहीं पहुंच सके। उन्होंने अपने संदेश में सभी ग्रामीणों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, > “यह ज्ञान केंद्र केवल एक लाइब्रेरी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर की मजबूत नींव है।” ग्रामीणों और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को नई दिशा और बेहतर अवसर मिलेंगे।