हल्द्वानी में पानी की टंकी से निकला 6 फीट लंबा ब्लैक कोबरा, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
हल्द्वानी। उत्तराखंड में मानसून के दस्तक देते ही जहरीले सांपों की रिहायशी इलाकों में आवाजाही बढ़ने लगी है। लगातार हो रही बारिश के बीच हल्दूचौड़ के जग्गीबंगर क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक घर की पानी की टंकी में करीब छह फीट लंबा ब्लैक कोबरा मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। मकान मालिक की सूझबूझ और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, जग्गीबंगर निवासी दीप बमेठा रोज की तरह पानी की टंकी का ढक्कन खोलने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने अंदर देखा, टंकी में एक विशाल ब्लैक कोबरा कुंडली मारकर बैठा हुआ दिखाई दिया। सांप को देखते ही उन्होंने घबराने या उसे भगाने का प्रयास नहीं किया, बल्कि तुरंत टंकी का ढक्कन बंद कर दिया और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा।
इसके बाद दीप बमेठा ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही गौला रेंज की वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ काफी देर तक अभियान चलाकर ब्लैक कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचे और न ही सांप को कोई क्षति हो।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया। वन अधिकारियों का कहना है कि मानसून के दौरान बिलों और निचले इलाकों में पानी भर जाने के कारण सांप सुरक्षित और सूखी जगहों की तलाश में घरों, पानी की टंकियों, बाथरूम, स्टोर रूम और आसपास की झाड़ियों तक पहुंच जाते हैं।
गौला रेंज के रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि बारिश शुरू होने के बाद हल्दूचौड़ क्षेत्र में अब तक तीन सांपों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी भी रिहायशी क्षेत्र में सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उनका रेस्क्यू किया जा सके।
वन विभाग ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि बरसात के मौसम में पानी की टंकियों, बाथरूम, स्टोर रूम, आंगन और घर के आसपास उगी झाड़ियों की नियमित जांच करें। थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।

