नवीनतमनैनीतालहादसा

डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, महिला गंभीर घायल; चालक फरार

ख़बर शेयर करें -

रामनगर/नैनीताल। नैनीताल जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर कालाढूंगी के निकट एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर के पदमपुरी डोल गैबुआ निवासी 30 वर्षीय कमलेश आर्या अपनी बाइक से बैलपड़ाव की ओर से अपने घर गैबुआ लौट रहे थे। इसी दौरान कमोला गांव निवासी बसंती थापा ने उनसे लिफ्ट मांगी। कमलेश उन्हें छोई स्थित उनके रिश्तेदार के घर छोड़ने के लिए अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक गैबुआ के पास रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर कालाढूंगी के निकट पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

Ad Ad

घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कमलेश आर्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बसंती थापा को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।