चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

देशभक्ति की धुनों से गूंजा चम्पावत बस स्टैंड, एसएसबी के ब्रास बैंड ने बांधा समां

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं ‘वन्दे मातरम् अभियान’ के तहत रविवार को बस स्टैंड चम्पावत में पंचम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से विशेष ब्रास बैंड प्रदर्शन आयोजित किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व पंचम वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ स्वतंत्रता दिवस के प्रति आमजन में उत्साह और उमंग का संचार करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वन्दे मातरम्’ अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और सम्मान की भावना के साथ इन अभियानों में सहभागिता करनी चाहिए।

Ad Ad

इसके बाद सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत की ब्रास बैंड टीम ने ‘वन्दे मातरम्’ की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद ‘मेरे वतन के लोगो’, ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’, ‘विजय धुन ताकत वतन की’, ‘रंग दे बसंती चोला’ और ‘सारे जहां से अच्छा’ जैसी देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह भर दिया।

ब्रास बैंड की प्रस्तुतियों के दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, एसएसबी कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों तथा स्थानीय नागरिकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। देशभक्ति की धुनों से पूरा वातावरण उत्साह, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में पंचम वाहिनी, एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने अतिथियों, अधिकारियों, बलकार्मिकों एवं उनके परिवारजनों, मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।इस अवसर पर एसएसबी की ओर से आमजन से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ से जुड़ने, अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में कमांडेंट चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट करन चौहान, सुदेश कुमार, नवनीत कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, जगदीश जोशी, प्रकाश पांडेय, आनंद अधिकारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यटन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एसएसबी कार्मिक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।