नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

पिथौरागढ़ में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, स्वर्ण कारोबारी की मौत

ख़बर शेयर करें -

वड्डा बाजार से झूलाघाट जाते समय हुआ हादसा, पुलिस और ग्रामीणों ने खाई से निकाला शव

पिथौरागढ़। झूलाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर बुधवार दोपहर जामिरपानी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार वड्डा बाजार के स्वर्ण कारोबारी हरीश लाल वर्मा (54) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई से शव बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार रूईना गांव निवासी हरीश लाल वर्मा कार संख्या एचआर 26 सीएच 3446 से वड्डा बाजार से झूलाघाट की ओर जा रहे थे। बताया गया कि वह रिश्तेदारों से मिलने के लिए निकले थे। जामिरपानी के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हरीश लाल वर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

Ad Ad

कार के खाई में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई संतोष कठायत के नेतृत्व में झूलाघाट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने खाई में उतरकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ मोर्चरी भेज दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हरीश लाल वर्मा वड्डा बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे बताए गए हैं।

कोतवाल संजय कुमार के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। इधर, स्थानीय लोगों ने पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग की स्थिति को लेकर चिंता जताई है। लोगों के मुताबिक मार्ग के कुछ हिस्सों में सड़क खराब होने और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के साथ दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है।