मनिहारगोठ में घर में घुसकर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन गिरफ्तार
टनकपुर पुलिस ने रेलवे पटरी किनारे से दबोचे आरोपी, सोने के झुमके और नकदी बरामद
टनकपुर/चम्पावत। मनिहारगोठ में घर में घुसकर सोने की झुमकी और नकदी चोरी करने के मामले का टनकपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक तोला वजन की पीली धातु की झुमकी और 1,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मनिहारगोठ निवासी हफीजन खातुन पत्नी असलम हुसैन ने 22 सितंबर को कोतवाली टनकपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर एक तोला सोने की कान की झुमकी और 11,200 रुपये नकद चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली टनकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 59/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक टनकपुर ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को टीम ने मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को हजाराबाग में रेलवे पटरी के किनारे से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया।

पुलिस ने अमान अली उर्फ मुन्ना कोड़ी पुत्र निसार अली निवासी मनिहारगोठ टनकपुर, आसिफ हुसैन पुत्र आबिद हुसैन निवासी मनिहारगोठ टनकपुर और मुकेश कुमार उर्फ मुक्कू पुत्र चन्दर राम निवासी समर वाली गली मनिहारगोठ टनकपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पीली धातु की झुमकी, जिसका वजन करीब एक तोला और अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये बताई गई है, तथा 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार, हेड कांस्टेबल गोविन्द प्रसाद, कांस्टेबल दीपक रावत, कांस्टेबल नासिर हुसैन एसओजी शामिल रहे।

