चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर से आज होगा कैलाश मानसरोवर यात्रा का भव्य आगाज़, पहला 51 सदस्यीय दल पहुंचेगा टीआरसी

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड से होकर संचालित होने वाली पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ शनिवार को टनकपुर से होने जा रहा है। यात्रा का पहला 51 सदस्यीय दल शनिवार शाम लगभग 4 बजे शारदा पर्यटक आवास गृह (टीआरसी) टनकपुर पहुंचेगा। तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिए प्रशासन और पर्यटन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दल में एक चिकित्सक सहित कुल 51 शिवभक्त शामिल हैं। इनमें 36 पुरुष और 15 महिला तीर्थयात्री हैं। टनकपुर पहुंचने पर सभी यात्रियों का पारंपरिक छोलिया नृत्य, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। शाम को उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

Ad Ad

उन्होंने बताया कि पहले दल में आंध्र प्रदेश से 2, दिल्ली से 7, गुजरात से 3, हरियाणा से 3, झारखंड से 1, कर्नाटक से 2, मध्य प्रदेश से 1, महाराष्ट्र से 9, राजस्थान से 13, तमिलनाडु से 3, तेलंगाना से 1, उत्तर प्रदेश से 5 तथा उत्तराखंड से 1 तीर्थयात्री शामिल हैं। यह दल देश की विविधता और राष्ट्रीय एकता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत करता है।

यात्रा के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तमिलनाडु के डॉ. अरुण कुमार भी दल के साथ रहेंगे। सबसे वरिष्ठ तीर्थयात्री राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल हैं, जबकि 65 वर्षीय राजेश पारिख भी वरिष्ठ यात्रियों में शामिल हैं। सबसे युवा श्रद्धालुओं में गुजरात के 21 वर्षीय हरि कृष्ण और हरियाणा के 23 वर्षीय सीताराम मिश्रा शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि भगवान शिव के प्रति आस्था हर आयु वर्ग के लोगों में समान रूप से विद्यमान है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा का मार्ग टनकपुर से होकर संचालित किया जा रहा है। इससे सीमांत जनपद चम्पावत में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी उल्लेखनीय बढ़ावा मिल रहा है।

अब पूरे टनकपुर की निगाहें शनिवार शाम पर टिकी हैं, जब “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच शिवभक्तों का पहला जत्था देवभूमि उत्तराखंड की धरती पर पहुंचेगा। इसके बाद रविवार सुबह 8 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यात्रा को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।