चम्पावत में आज से शुरू होगा 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
चम्पावत। उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार जनपद चम्पावत में आज, 4 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती को मुख्य नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून से लाइव प्रसारण के माध्यम से करेंगे। इसका सीधा प्रसारण चम्पावत कलेक्ट्रेट सभागार में भी दिखाया जाएगा। अभियान के पहले दिन कलेक्ट्रेट सभागार में रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से संबंधित विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके बाद विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में विषयवार जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
- 5 जुलाई: ग्राम पंचायत आमबाग-ज्ञानखेड़ा (टनकपुर) – नवीन योजनाओं का क्रियान्वयन।
- 7 जुलाई: भुमलाई एवं खूनाबोरा (लोहाघाट) – रेल, सड़क, रोपवे और उड़ान योजना सहित आधारभूत संरचना विकास पर शिविर।
- 8 जुलाई: गोलडांडा (पाटी) – उद्योग एवं लघु उद्योग।
- 9 जुलाई: सील ग्राम पंचायत (बाराकोट) – किसान, सहकारिता एवं कृषि।
- 10 जुलाई: दियूरी (चम्पावत) – महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण के साथ विशेष स्वास्थ्य शिविर।
- 14 से 18 जुलाई: कमलेक, बतुलाबांज, मऊ, झालाकुड़ी और ठाठा सहित विभिन्न स्थानों पर बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस महाअभियान में राजस्व, ग्राम्य विकास, कृषि, समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई सहित 24 से अधिक विभाग भाग लेंगे। सभी विभागों को अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिविरों के बाद आसपास के क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सके।

