देहरादून में शराब के ठेके के बाहर फायरिंग, दो युवक घायल; आरोपियों की तलाश में पुलिस
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात शराब के ठेके के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रिंग रोड स्थित ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान फायरिंग होने से दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े आठ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर दो राउंड फायर हुए, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। शुरुआत में लोगों को गोली की आवाज किसी बाइक के शोर जैसी लगी, लेकिन कुछ ही देर में फायरिंग की पुष्टि हो गई।

फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा, जिन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिनका दून अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों घायलों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना में दो युवक घायल हुए हैं और दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी फायरिंग के बाद हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। रायपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

