टनकपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया का भव्य स्वागत, मां शारदा की आरती में हुए शामिल
धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं : प्रवीण तोगड़िया
टनकपुर/चम्पावत। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रखर हिंदूवादी नेता प्रवीण तोगड़िया शनिवार देर शाम अपने कुमाऊं भ्रमण कार्यक्रम के तहत टनकपुर पहुंचे। उनके आगमन पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं तथा नवयुवक रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गमला भेंट कर एवं फूलमालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। टनकपुर पहुंचने के बाद प्रवीण तोगड़िया सीधे शारदा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने मां शारदा की भव्य आरती में सहभागिता करते हुए श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पावन भूमि पर आना सदैव सौभाग्य की बात है और मां शारदा की आरती में शामिल होकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा प्रकृति संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान भी किया।



पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात्रि विश्राम के लिए वे स्थानीय व्यवसायी संजय अग्रवाल के आवास पहुंचे, जहां आयोजित बैठक में नवयुवक रामलीला कमेटी, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अपने संबोधन में प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि वर्तमान वैश्विक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए समाज को भविष्य की चुनौतियों के प्रति सजग और संगठित रहना होगा। उन्होंने हिंदू समाज की एकजुटता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का सुझाव देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर नवयुवक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, संरक्षक संजय अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय गर्ग, नीरज सिंह, चंद्रप्रकाश गुप्ता, गौरव गुप्ता, विनय शर्मा, मयंक पंत, पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा अग्रवाल, उपाध्यक्ष कल्पना आर्य, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष निर्मल थ्वाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

