नवीनतमरुद्रप्रयागहादसा

उत्तराखंड : मंदाकिनी नदी में गिरी कार, पांच घायल, तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार तड़के हुआ हादसा

ख़बर शेयर करें -

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक एसयूवी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से गहरी खाई में जा गिरा और मंदाकिनी नदी किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में दो महिलाओं समेत कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद सभी घायल खाई में फंसे हुए थे, लेकिन SDRF, पुलिस एवं स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई और साहसिक रेस्क्यू अभियान के चलते सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

रविवार सुबह 5:10 बजे जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) रुद्रप्रयाग के माध्यम से SDRF को सूचना मिली कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है और उसमें सवार लोग घायल अवस्था में सहायता की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उप निरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने देखा कि वाहन संख्या UP16-DK-0856 (SUV 700) सड़क से काफी नीचे नदी किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में है।

Ad Ad

हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर दुर्गम खाई में फंसे हुए थे। SDRF टीम ने बिना समय गंवाए जिला पुलिस एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित रेस्क्यू कर्मी रस्सियों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की सहायता से गहरी खाई में उतरे और एक-एक कर सभी घायलों तक पहुंचे। विषम परिस्थितियों में भी टीम ने अदम्य साहस, धैर्य और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। समय पर किए गए इस रेस्क्यू अभियान ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। हादसे में घायल हुए व्यक्तियों की पहचान प्रिंस सिंह (30 वर्ष) निवासी पलामू, झारखंड, सभीमा सिंह (28 वर्ष) निवासी पश्चिम बंगाल, सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष) निवासी जलपाईगुड़ी, ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष) निवासी जलपाईगुड़ी तथा वाहन चालक प्रदीप कुमार (35 वर्ष) निवासी औरैया उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

Ad Ad