चम्पावत में मनाया गया सक्षम स्थापना दिवस, दिव्यांगजनों के अधिकारों और कल्याण पर हुई चर्चा
चम्पावत। जिला सभागार में “सक्षम” (समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम जिला अध्यक्ष हिम्मत सिंनग्वाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत तथा विशिष्ट अतिथि सक्षम के जिला प्रभारी एवं प्रांत उपाध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह रावत रहे। कार्यक्रम का संचालन सक्षम जिला सचिव बृजेश जोशी ने किया। कार्यक्रम में प्रकाश देव, संजय सिंह, मथुरा दत्त, गिरीश चंद्र जोशी, नारायण दत्त, भूपेंद्र देव (ताऊजी), नितिन देव, भुवन सिंह सामंत, पुष्कर सिंह सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में पृथ्वीपाल सिंह रावत ने सक्षम संगठन के कार्यों और संगठनात्मक ढांचे की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था की स्थापना 20 जून 2008 को नागपुर में हुई थी। तभी से प्रत्येक वर्ष 20 जून को सक्षम स्थापना दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संगठन दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, गीतांजलि सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडेय तथा समाजसेवी दिनेश बिष्ट सहित कई गणमान्य लोगों ने सक्षम संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए “दिव्यांग मित्र योजना” के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मण सिंह लमगड़िया एवं देवीधुरा के व्यापारियों ने भी योजना में सहयोग दिया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत ने दिव्यांग पेंशन, सरकारी योजनाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। भूपेंद्र देव (ताऊजी) ने यूडीआईडी (UDID) कार्ड की अन्य राज्यों में मान्यता से संबंधित मुद्दा उठाया, जिस पर समाज कल्याण अधिकारी ने उच्च अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। साथ ही दिव्यांगजनों ने वाहन खरीद में आय प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में नारायण दत्त पुजारी ने आर्थिक सहायता की मांग रखी। वहीं समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि एलिम्को (ALIMCO) द्वारा कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा कृत्रिम अंग योजना के अंतर्गत 7 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि एलिम्को योजना के तहत दिव्यांगजनों को स्कूटर खरीद पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी Krishna Nath Goswami को उनके कार्यालय में जाकर सक्षम पदाधिकारियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं और आर्थिक सहायता से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।

