चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

कनलगांव वार्ड में घर-घर बांटे गए हरे और नीले कूड़ादान, कूड़ा पृथक्कीकरण के लिए पालिका ने किया जागरूक

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। नगर पालिका परिषद चम्पावत की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन और नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से घर-घर कूड़ादान वितरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अगस्त 2026 को कनलगांव वार्ड में नगरवासियों को हरे और नीले कूड़ादान वितरित किए गए।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय के निर्देशन में संचालित अभियान का मुख्य उद्देश्य घरों से निकलने वाले कूड़े का स्रोत पर ही पृथक्कीकरण सुनिश्चित करना है, ताकि गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्र कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने नगरवासियों से अपील की कि घर से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित कूड़ादानों में अलग-अलग रखा जाए। हरा कूड़ादान गीले एवं जैविक कूड़े, जबकि नीला कूड़ादान सूखे एवं अजैविक कूड़े के लिए इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि कूड़े का स्रोत पर पृथक्कीकरण स्वच्छ और सुंदर चम्पावत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Ad Ad

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा केवल घर-घर कूड़ा एकत्र करने वाले स्वच्छता कर्मियों अथवा नगर पालिका के कूड़ा वाहन को ही सौंपें और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। साथ ही नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए स्वच्छता कर का नियमित भुगतान करने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम में कनलगांव वार्ड के सभासद गौरव कलौनी भी उपस्थित रहे। उन्होंने वार्डवासियों से कूड़े का पृथक्कीकरण करने और नगर पालिका की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की।