नवीनतमनैनीतालराजनीति

खड़गे के कार्यक्रम से पहले हल्द्वानी में सियासी बवाल, SSP कार्यालय में धरने पर बैठे कांग्रेस नेता

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले हल्द्वानी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को कथित तौर पर रोके जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्यकर्ताओं की आवाजाही रोकने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन करते हुए एसएसपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खड़गे के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से हल्द्वानी आ रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया। कांग्रेस का कहना है कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे हैं, ऐसे में उनकी आवाजाही में बाधा डालना उचित नहीं है। मामला बढ़ने के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने कार्यालय परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बसों को रोके जाने का विरोध करते हुए उन्हें तत्काल कार्यक्रम स्थल तक जाने देने की मांग की।

Ad Ad

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर आ रही बसों को जगह-जगह रोका जा रहा है और उन्हें कार्यक्रम में पहुंचने से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी कार्यकर्ताओं की बसें रोके जाने पर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं की आवाजाही को इस तरह बाधित करना उचित नहीं है।

कांग्रेस नेताओं के धरने के चलते एसएसपी कार्यालय में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण माहौल बन गया। प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के इस विरोध ने कुमाऊं की सियासत को गरमा दिया है। अब पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया और कार्यक्रम के दौरान यातायात एवं कार्यकर्ताओं की आवाजाही को लेकर की जाने वाली व्यवस्था पर नजर है।