उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

मां की सौगंध खाकर बोले हरीश रावत- नौकरी के बदले पैसा लेना तो दूर, किसी की चाय तक नहीं पी…

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर सोशल मीडिया के जरिए तीखी सफाई दी है। मां की सौगंध खाते हुए रावत ने कहा कि उन्होंने किसी को नौकरी दिलाने के बदले पैसा लेना तो दूर, कभी चाय-पानी तक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में उनके ऊपर “कलंक” लगाने का प्रयास किया जा रहा है और वह अपनी सफाई के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करेंगे।

रावत ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी तीन माताएं हैं- जगत जननी, मां दुर्गा और उत्तराखंड की धरती मां। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नौकरी या राजनीतिक पद दिलाने के बदले किसी से पैसा नहीं लिया। उन्होंने 2017 और 2022 के चुनावों के दौरान अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों का भी जिक्र किया और कहा कि उन दावों के समर्थन में अब तक कोई साक्ष्य सामने नहीं आया। रावत ने कहा कि वह इस कथित कलंक के साथ नहीं जाना चाहते और इसके खिलाफ जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।

Ad Ad

अपने पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना का जिक्र करते हुए रावत ने कहा कि जीना ने लंबे समय तक उनके साथ काम किया और अब उनकी जीवनभर की कमाई पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने चंदन के बच्चों की पढ़ाई और परिवार की आजीविका को लेकर चिंता जताई। यह मामला 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़ी ईडी जांच के बीच सामने आया है। सितंबर में ईडी ने चंदन सिंह जीना के परिसर पर भी तलाशी कार्रवाई की थी, जिसमें एजेंसी के अनुसार नकदी, सोना और लग्जरी घड़ियां बरामद हुईं। मामले में जांच जारी है।

रावत ने अपनी पोस्ट के अंत में कहा कि उन्होंने जीवनभर हजारों लोगों के काम और रोजगार के लिए सिफारिशें कीं, लेकिन किसी से सौदा नहीं किया। उन्होंने मां की सौगंध लेते हुए कहा कि यदि उन्होंने किसी चीज के बदले पैसा लिया हो तो उन्हें उनकी मां का दूध लज्जित करने वाला माना जाए। रावत ने लिखा कि “सच के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करूंगा” और अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब सच और संघर्ष के जरिए देने की बात कही।