चम्पावत में भारी बारिश का अलर्ट: आज बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, मुख्य शिक्षा अधिकारी का आदेश जारी
चम्पावत। चम्पावत में भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर आज दिनांक 02 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों और समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी चम्पावत द्वारा जारी इस शासकीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मौसम विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार क्षेत्र में तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की पूरी संभावना है, जिसके चलते आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। आदेश के तहत आज सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की छुट्टी रहेगी, लेकिन समस्त शिक्षकों को अनिवार्य रूप से स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


