टनकपुर में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रवादी नारों से गूंजा शहर

टनकपुर/चम्पावत। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से गुरुवार, 13 अगस्त को टनकपुर में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।
यात्रा सुबह 10 बजे भाजपा कार्यालय से शुरू हुई और टनकपुर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा नगर क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रवादी नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस कोई सामान्य दिवस नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद करने का ऐतिहासिक दिन है।



तिरंगा यात्रा के संयोजक नितिन मंगला ने यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार जताते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, जिला सह प्रभारी हिमांशु बिष्ट, जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री पूरन माहरा, तिरंगा यात्रा संयोजक नितिन मंगला, दर्जा राज्यमंत्री मनोज कालाकोटी, किरन देवी, हेमा जोशी, नगरपालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, जिला पंचायत सदस्य टनकपुर पुष्पा विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य बनबसा सरस्वती चंद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

