उत्तराखण्डनवीनतमहरिद्वारहादसा

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा : चार बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, छह घायल

ख़बर शेयर करें -

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा 21 अगस्त की देर रात पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि चार मोटरसाइकिलें मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान चारों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि सभी मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

Ad Ad

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे एम्स के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान अयान (18) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, राजू (24) पुत्र कदम सिंह और राजीव (18) पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार रुड़की के अस्पताल में चल रहा है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हुई है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।