उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

चेकिंग के दौरान ABVP कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप, देर रात तक थाने में हंगामा; दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए ABVP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार देर रात पटेलनगर थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। मामले में घटनाक्रम से जुड़े दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार, कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है और ABVP कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं की मदद कर रहे हैं। शुक्रवार शाम कुछ कार्यकर्ता सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। आरोप है कि चाय की दुकान के बाहर खड़ी कार्यकर्ताओं की बाइकों का चालान किया गया। ABVP कार्यकर्ताओं के मुताबिक, एक कार्यकर्ता ने चालान किए जाने का कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों से उसकी कहासुनी हो गई। संगठन का आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ता के साथ मारपीट और गाली-गलौज की।

Ad Ad

ABVP का यह भी आरोप है कि विवाद के बाद कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन में बैठाकर पटेलनगर थाने लाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ABVP के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि किसी छात्र या कार्यकर्ता से कोई गलती हुई थी तो पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और कार्यकर्ता के साथ मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगाया।

मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद घटनाक्रम में शामिल दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही मामले की विभागीय जांच कराने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।