देहरादून में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, 12 घंटे में खुला राज
मोबाइल में मिले फोटो-वीडियो बने हत्या की वजह, शराब पिलाने के बहाने जंगल में ले जाकर गला रेता; पत्नी समेत दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडुवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना और उसके कथित प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, तीन अक्टूबर को मांडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। मदन मांडुवाला, झाझरा में अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मजदूरों का सत्यापन किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मांडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के बाद मृतक की पत्नी मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल में मिले फोटो-वीडियो से खुला राज
पुलिस के अनुसार, लल्लन शर्मा मूल रूप से बिहार का निवासी है और मांडुवाला में सुनील टेलर के यहां किराये पर रहकर मजदूरी करता था। पूछताछ में सामने आया कि लल्लन और मीना के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे। पुलिस का कहना है कि दो दिन पहले मांडुवाला स्थित तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया था। इस दौरान उसे मोबाइल में अपनी पत्नी और लल्लन के फोटो व वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी परिवार व अन्य लोगों को देने की धमकी दी थी।
शराब पिलाने के बहाने जंगल में ले गई पत्नी
पुलिस के मुताबिक, संबंधों का खुलासा होने और बदनामी के डर से लल्लन और मीना ने मदन की हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि योजना के तहत मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। वहां मदन के नशे में होने के बाद दोनों ने धारदार चाकू से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपियों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और हत्या में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

