खटीमा में शिक्षक ने छात्रा के साथ किया गलत काम, शादी का दिया था झांसा, पुलिस ने हिरासत में लिया

खटीमा। चकरपुर में पीटीआई यानी व्यायाम शिक्षक पर स्कूल की छात्रा से शारीरिक शोषण का सनसनीखेज आरोप लगा है। मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने स्कूल पहुंच कर जमकर हंगामा किया।
स्कूल में हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक को अपनी कस्टडी में ले लिया। आरोपी शिक्षक पर जहां निलंबन की गाज गिरी है, वहीं खंड शिक्षा अधिकारी खटीमा को भी इस मामले को गंभीरता से न लेने पर उन्हें जिला मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक खटीमा के चकरपुर में स्थित सरकारी इंटर कॉलेज में पीटीआई के रूप में सुखविंदर सिंह कार्यरत है। एक छात्रा ने पीटीआई सुखविंदर पर शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष क्षितिज अरोड़ा का आरोप है कि आरोपी पीटीआई ने स्थानीय छात्रा को पहले झांसा दिया और फिर उसका शोषण किया। एक दिन पहले चकरपुर चौकी पुलिस से सिपाही कॉलेज आए थे। उन्होंने शिक्षक को बुलाकर पूछताछ की थी। वहीं आज सुबह स्थानीय जनप्रतिनिधि व कुछ अन्य लोग भी कॉलेज पहुंचे थे। इसके बाद मामले की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी खटीमा भानु प्रताप कुशवाह को दी गई।

वहीं प्रिंसिपल पंचदेव सिंह का यह भी कहना है कि जब उन्होंने आरोपी शिक्षक से इन आरोपों के बारे में पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि उसके छात्रा से संबंध रहे। इसके बाद उन्होंने तुरंत आरोपी शिक्षक सुखविंदर सिंह के निलंबन की कार्रवाई की। प्रिंसिपल पंचदेव सिंह ने स्कूल में इस तरह की घटना पर चिंता जाहिर करते हुए स्थानीय जनता से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वो वह स्कूल के सम्मान की रक्षा नहीं कर पाए, जिसके लिए वो आज वह बेहद व्यथित हैं। पुलिस चौकी इंचार्ज चकरपुर ने आरोपी शिक्षक को कस्टडी में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय विधायक ने भी इस मामले की शिकायत जिले के शिक्षा अधिकारी की। विधायक का आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी ने समय रहते आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। इसीलिए खंड शिक्षा अधिकारी को भी जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।


