चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : लंबित मामलों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद रंजना राजगुरु ने किया तहसील चम्पावत का वार्षिक निरीक्षण

चम्पावत। आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद उत्तराखंड रंजना राजगुरु ने सोमवार को तहसील चम्पावत का वार्षिक निरीक्षण कर राजस्व एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उप जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित वादों की स्थिति का जायजा लिया और जनता से संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया। उन्होंने रजिस्ट्रार कक्ष का निरीक्षण कर वहां सुरक्षित रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों का भी अवलोकन किया।

Ad Ad

इसके बाद उन्होंने नजारत कक्ष का निरीक्षण करते हुए सभी 18 रजिस्टरों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष के वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभिन्न प्रमाण पत्रों से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली को भी परखा। उन्होंने निर्देश दिए कि तकनीकी कारणों से किसी भी प्रकार की देरी न हो तथा जनता के आवेदनों का निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए। तहसीलदार न्यायालय में लंबित वादों की समीक्षा के साथ ही निर्वाचन कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने एसआईआर (SIR) की स्थिति का जायजा लिया और पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध एवं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

सदर मालखाने के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वहां रखी धरोहर सामग्री का सूचीबद्धकरण कर आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जाए। उप निबंधक कार्यालय के निरीक्षण के समय उन्होंने आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग तथा सभी कार्यों को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी सदर विपिन चंद्र पंत, उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार चम्पावत बृजमोहन आर्य, तहसीलदार टनकपुर पिंकी आर्य सहित राजस्व एवं प्रशासनिक विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।