रक्षाबंधन पर सीएम धामी ने महिलाओं को दी सौगात, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में प्रदेश की मातृशक्ति के साथ पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में अपनी बहनों के बीच आए हैं। मातृशक्ति से मिलने वाला स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यही उन्हें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा के लिए प्रेरित करता है।

महिलाओं के लिए दो दिन मुफ्त रोडवेज यात्रा
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं के लिए विशेष घोषणा करते हुए कहा कि 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस सुविधा से महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए आसानी से यात्रा कर सकेंगी।
महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को स्वामित्व से जोड़ने और लखपति दीदी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिली है। उन्होंने महिला आरक्षण, शौचालय निर्माण और तीन तलाक जैसी कुप्रथा के खिलाफ उठाए गए कदमों को भी महिला अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

