नवीनतमबागेश्वर

ड्यूटी के दौरान आईटीबीपी जवान कविंद्र हुए शहीद, सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। भनार क्षेत्र के पटोरी गांव निवासी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान कविंद्र राम का ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। महज 26 वर्षीय जवान की शहादत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को जब उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो गांव का माहौल गमगीन हो उठा और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

26 वर्षीय कविंद्र राम पुत्र भीम राम भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 58वीं बटालियन में कमांडो के पद पर तैनात थे। वर्ष 2025 में भर्ती होने के बाद उनकी पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में हुई थी। परिवार और गांव के लोगों के अनुसार कविंद्र बचपन से ही सेना में जाकर देश सेवा करना चाहते थे और उन्होंने अपनी मेहनत से यह सपना पूरा भी किया था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि देश की सेवा करते हुए इतनी कम उम्र में वह हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह देंगे। जवान के शहादत की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Ad Ad

गुरुवार को जवान का पार्थिव शरीर बागेश्वर पहुंचा। इसके बाद उसे पैतृक गांव पटोरी ले जाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। हर आंख नम थी और माहौल पूरी तरह शोक में डूबा दिखाई दिया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के पिथौरागढ़ मिर्थी से पहुंचे जवानों के दस्ते ने सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में दिवंगत जवान को अंतिम सलामी दी। इसके बाद सरयू-गोमती संगम तट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों ने बताया कि कविंद्र राम अविवाहित थे। परिवार में उनके माता-पिता और एक भाई हैं। जवान के शहादत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोगों ने भी इसे क्षेत्र की बड़ी क्षति बताया। अंतिम संस्कार के दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

Ad Ad