जल पुलिस टनकपुर की ईमानदारी बनी मिसाल, श्रद्धालु का खोया मोबाइल लौटाया
टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड पुलिस की ईमानदारी और जनसेवा की भावना का एक सराहनीय उदाहरण सोमवार को पूर्णागिरि धाम में देखने को मिला। माँ पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु का शारदा घाट पर गुम हुआ मोबाइल जल पुलिस के जवान ने खोजकर सुरक्षित उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, बनबसा क्षेत्र की फाकपुर नई बस्ती निवासी मुकेश पुत्र त्रिलोक राम माँ पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए आए थे। इस दौरान शारदा घाट पर उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। ड्यूटी के दौरान स्थानीय पुलिस एवं जल पुलिस में तैनात जवान रविन्द्र कुमार पहलवान को उक्त मोबाइल फोन मिला। उन्होंने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मोबाइल के वास्तविक स्वामी की पहचान की और उसे सुरक्षित रूप से मुकेश को वापस सौंप दिया।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर श्रद्धालु मुकेश ने खुशी व्यक्त करते हुए उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्यशैली, ईमानदारी और जनसेवा की भावना की सराहना की। उन्होंने चम्पावत पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और ईमानदार कार्यशैली आमजन का विश्वास मजबूत करती है। उत्तराखंड पुलिस ने एक बार फिर अपने ध्येय वाक्य “मित्रता, सेवा एवं सुरक्षा” को चरितार्थ करते हुए जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

