नवीनतमहरिद्वारहादसा

हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत, चार घायल

ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर से यह हादसा हुआ।

पुलिस के अनुसार, टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था। फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए, जबकि बस भी चालक की ओर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Ad Ad

हादसे के समय पिकअप में 10 लोग सवार थे। टक्कर के प्रभाव से दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।

अन्य घायलों में अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार चल रहा है।

गौरतलब है कि श्यामपुर क्षेत्र के नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। पिछले सप्ताह भी दुकान बंद कर लौट रहे एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

श्यामपुर क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवनि तिवारी ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की सहायता से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।