फ्यूचर स्टार अंडर-15 क्रिकेट लीग में चम्पावत के कुनाल सिंह का चयन, जिले में खुशी की लहर
चम्पावत। पहाड़ की प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में चम्पावत के युवा क्रिकेटर कुनाल सिंह ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित फ्यूचर स्टार अंडर-15 चैंपियनशिप क्रिकेट लीग में जगह बनाई है। चम्पावत की पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी के पुत्र कुनाल का चयन होने से जिले में खुशी की लहर है और खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
कुनाल सिंह को इस प्रतियोगिता में सोनीपत किंग्स टीम की ओर से चुना गया है। उनकी यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे कुनाल ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
जानकारी के अनुसार 25 जून से गाजियाबाद में आयोजित होने वाली इस लीग में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आठ राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन आईपीएल की तर्ज पर किया जा रहा है, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य में बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। इस लीग में कुनाल सिंह को पानीपत की टीम से खेलने का मौका मिलेगा। कुनाल की इस उपलब्धि को क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मंचों पर प्रदर्शन करने से युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलता है। कुनाल सिंह के चयन के बाद चम्पावत जिले में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं खेल संगठनों के प्रतिनिधियों सहित क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई है कि कुनाल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

