हंसी के कलाकार संदीप बिष्ट ने लघु फिल्म से दर्शकों को किया भावुक, कुमाऊं की संवेदनाओं को पर्दे पर उतारा
अल्मोड़ा। उत्तराखंड की सोमेश्वर घाटी के मौवे गांव के युवा कलाकार संदीप बिष्ट, जो अब तक अपनी हास्य वीडियो के माध्यम से लोगों को हंसाने के लिए जाने जाते रहे हैं, इन दिनों अपनी पहली कुमाऊनी लघु फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ गांव के अन्य युवा कलाकारों ने भी अभिनय किया है और सभी ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया है।
सोशल मीडिया पर कॉमेडी वीडियो बनाकर पहचान बनाने वाले संदीप बिष्ट की इस नई प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया है। फिल्म की कहानी उत्तराखंड के ग्रामीण जीवन, पहाड़ की चुनौतियों, संघर्षों और उन भावनात्मक पहलुओं को सामने लाती है, जिनसे लगभग हर उत्तराखंडवासी किसी न किसी रूप में जुड़ा हुआ है।

फिल्म में जहां एक ओर कुमाऊनी संस्कृति और हास्य का हल्का रंग देखने को मिलता है, वहीं दूसरी ओर इसकी संवेदनशील कहानी दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है। स्थानीय कलाकारों के सशक्त अभिनय के साथ-साथ फिल्म का कैमरा वर्क और संपादन भी विशेष रूप से सराहा जा रहा है। फिल्म के कैमरा मैन और संपादक ने उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ों, प्राकृतिक दृश्यों और यहां के लोगों के जीवन में मौजूद उदासी, संघर्ष और उम्मीदों को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। यही वजह है कि फिल्म दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

नई प्रतिभाओं और स्थानीय सिनेमा को बढ़ावा देने वाली इस लघु फिल्म को देखने के लिए दर्शक यूट्यूब पर “Kafal Film” चैनल पर जा सकते हैं। यह फिल्म न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि पहाड़ की वास्तविकताओं और भावनाओं को भी बखूबी दर्शाती है।

