नवीनतम

ऋषभ पंत ने मांगी उत्तराखंड में जमीन, CM धामी ने दिया जवाब; अधिकारियों को दिए मदद के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज और उत्तराखंड के मूल निवासी ऋषभ पंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि उत्तराखंड में अपना घर और बेस बनाने के लिए जमीन की तलाश है। पंत की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील पर मुख्यमंत्री ने भी सकारात्मक जवाब देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पंत ने सोशल मीडिया पर CM धामी से मांगी मदद

ऋषभ पंत ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए उत्तराखंड में जमीन दिलाने में मदद की अपील की। उन्होंने कहा कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और राज्य में अपना घर बनाना चाहते हैं, लेकिन पिछले करीब तीन वर्षों से प्रयास के बावजूद उन्हें उपयुक्त जमीन नहीं मिल पा रही है। पंत ने खुद को उत्तराखंड का स्थानीय बताते हुए कहा कि वह अपनी मातृभूमि से बेहद प्यार करते हैं और वापस अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं।

Ad Ad

ऋषभ पंत की पोस्ट का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों के माध्यम से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत की भावनाएं और उत्तराखंड लौटकर राज्य के लिए योगदान देने की इच्छा सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द ऋषभ पंत से संपर्क कर मामले में हर संभव सहयोग सुनिश्चित करें।

सरकारी दर पर जमीन खरीदने की बात कही

जमीन को लेकर अपनी अपील के बाद ऋषभ पंत ने एक और पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि यदि सरकार उन्हें जमीन उपहार के रूप में देती है तो यह उनके लिए राज्य का प्रतिनिधित्व करने के बदले एक विशेष सम्मान होगा। हालांकि पंत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से निर्धारित सरकारी दरों पर जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं। उनका उद्देश्य उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना और अपना बेस राज्य में शिफ्ट करना है।

उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव

ऋषभ पंत मूल रूप से उत्तराखंड से ताल्लुक रखते हैं और कई मौकों पर राज्य के प्रति अपने लगाव को जाहिर कर चुके हैं। अब उनके उत्तराखंड में स्थायी बेस बनाने की इच्छा सामने आने के बाद मुख्यमंत्री की ओर से मिले सकारात्मक जवाब ने इस मामले को खास बना दिया है। अब संबंधित अधिकारियों और पंत के बीच होने वाली बातचीत के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उन्हें जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है।