चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

गोरलचौड़ मैदान में आज लगेगा श्रमिक कल्याण शिविर, पंजीकृत श्रमिकों को मिलेंगी कई सुविधाएं

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिले के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शनिवार को चम्पावत के गोरलचौड़ मैदान में श्रमिक कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में पात्र श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच, शिक्षण सामग्री और स्वच्छता किट समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिले में श्रमिक कल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 08 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे गोरलचौड़ मैदान, चम्पावत में शहरी क्षेत्र के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए शिविर लगाया जाएगा।

Ad Ad

शिविर का संचालन जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में किया जाएगा, जबकि इसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती करेंगे।

इन योजनाओं का मिलेगा लाभ

शिविर में पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों को बोर्ड की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इनमें मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना और मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना प्रमुख हैं।

श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वहीं कक्षा 1 से 12 तक पढ़ने वाले श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क एजुकेशन किट और पात्र श्रमिकों को हाइजीन किट वितरित की जाएगी।

इसके अलावा शिविर में बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण और सत्यापन भी किया जाएगा।

न्याय पंचायत स्तर पर भी लगेंगे शिविर

08 अगस्त का शिविर विशेष रूप से चम्पावत शहरी क्षेत्र के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद जिले के अन्य क्षेत्रों में न्याय पंचायतवार निर्धारित तिथियों पर श्रमिक कल्याण शिविर लगाए जाएंगे।

डिजिटल और पारदर्शी होगी पूरी प्रक्रिया

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार शिविरों की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। लाभार्थियों का पंजीकरण, सामग्री वितरण, फोटोग्राफी, जीपीएस आधारित उपस्थिति और अन्य अभिलेख ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज किए जाएंगे। इसका उद्देश्य योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र श्रमिकों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को शिविर के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चम्पावत शहरी क्षेत्र के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से 08 अगस्त को गोरलचौड़ मैदान पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों से अपने-अपने न्याय पंचायत क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविरों में भाग लेने को कहा गया है।