चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत नगर में जगमगाएंगी LED स्ट्रीट लाईटें, 2.62 करोड़ रुपये स्वीकृत

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श जनपद चम्पावत’ के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तराखंड शासन के शहरी विकास अनुभाग-3 ने नगर पालिका परिषद चम्पावत क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य के लिए पुनः प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। योजना के लिए 2 करोड़ 62 लाख 90 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में ‘नगरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास’ मद के अंतर्गत तकनीकी प्राकलन समिति (टीएसी) द्वारा तैयार प्राकलन के आधार पर कुल 262.90 लाख रुपये की लागत को स्वीकृति दी गई है। स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष राज्यपाल की स्वीकृति के बाद योजना की पहली किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी 105.16 लाख रुपये (1 करोड़ 5 लाख 16 हजार रुपये) अवमुक्त कर दिए गए हैं। शासन ने संबंधित धनराशि आहरित कर नगर पालिका परिषद चंपावत को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Ad Ad

एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद नगर पालिका क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है। इससे शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी बढ़ेगी तथा स्थानीय नागरिकों के साथ ही चंपावत आने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। शासन ने योजना को पारदर्शिता और तेजी के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इसे मुख्यमंत्री के ‘आदर्श जनपद चंपावत’ की संकल्पना के तहत शहर की बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।