चंपावतनवीनतमहादसा

लोहाघाट : घाट के समीप कारों की हुई भिड़ंत, पांच यात्री हुए घायल, दो गंभीर

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट। लोहाघाट-पिथौरागढ़ एनएच पर घाट के समीप दो कारों की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से पिथौरागढ़ की ओर जा रही अर्टिगा व पिथौरागढ़ से बनबसा की ओर आ रही स्विफ्ट के बीच छीड़ा में आमने-सामने की टक्कर हो गई। सूचना पर बाराकोट चौकी के एसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 के जरिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। घायलों का लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में डॉ. बीना मेलकानी की टीम ने उपचार दिया। डॉ. मेलकानी ने बताया दो घायलों की स्थिति गंभीर है। जिन्हें जिला चिकित्सालय चम्पावत रेफर किया जा रहा है। तीन घायल सामान्य हैं। जानकारी के अनुसार दुर्घटना में अर्टिगा में सवार माया खत्री व वाहन चालक नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एसआई नरेश कुमार ने बताया दुर्घटना में अर्टिगा में सवार माया खत्री उनके पति संजय सिंह निवासी दिल्ली तथा वाहन चालक नीरज कुमार निवासी पांडा पिथौरागढ़ घायल हुए हैं। वहीं स्विफ्ट सवार वाहन चालक अशोक सिंह निवासी बनबसा व सुभाष चंद्र पांडे निवासी टनकपुर घायल हुए हैं। दोनों वाहन चालक दुर्घटना के लिए एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं घायलों के उपचार में वार्ड ब्वाय दीपक बिष्ट, संदीप वर्मा, दिनेश कुमार, हिमांशु मेहरा, अमन जोशी, विक्रम सिंह व स्टाफ नर्स खुशबू और शिवानी के द्वारा विशेष सहयोग किया गया।