सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर लोहाघाट पुलिस का शिकंजा, 13 के चालान
कस्बे और आसपास के इलाकों में चलाया सघन चेकिंग अभियान, थाने लाकर काउंसलिंग की; दोबारा नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
लोहाघाट/चम्पावत। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ चम्पावत पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में लोहाघाट पुलिस ने आठ अक्टूबर को कस्बे और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर 13 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने सभी को थाने लाकर काउंसलिंग की और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में जिलेभर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने के मामले में 13 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए काउंसलिंग की।

पुलिस की दोटूक चेतावनी, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करना, आमजन की शांति भंग करना और कानून का उल्लंघन करना भारी पड़ सकता है। पुलिस के अनुसार, आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसओ ओम प्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन सिंह बोरा, उपनिरीक्षक सोनिका जोशी, हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह, कांस्टेबल विजय रजवार, कांस्टेबल चालक मनोहर परवाल शामिल रहे।

