शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने टनकपुर में किया जनसंवाद, विकास कार्यों को गति देने के दिए निर्देश
टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा के टनकपुर आगमन पर नगर पालिका परिषद टनकपुर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद टनकपुर के पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा ने की। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने नगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के लिए की गई विभिन्न घोषणाओं की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया। जनसंवाद के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र की खाम भूमि के 365 पट्टों के विनियमितीकरण एवं लीज पट्टों के नवीनीकरण से जुड़े मामलों में भी शीघ्र नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देते हुए मंत्री ने वार्ड संख्या 5 में सामुदायिक भवन (बारात घर) निर्माण के लिए 96.79 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत नगर पालिका कार्यालय में फॉल सीलिंग एवं पुताई कार्य का विधिवत शिलान्यास भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पालिका परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम में नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष हेमा जोशी, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री शिवराज सिंह कठायत, नगर पंचायत बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुँवर, रोहिताश अग्रवाल, हरीश भट्ट, मदन गहतोड़ी, मुकेश जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर पालिका परिषद टनकपुर के सभासद दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, सब्या बाल्मीकि एवं शैलेन्द्र सिंह सहित नगर पालिका परिषद टनकपुर के अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, नगर पंचायत बनबसा के अधिशासी अधिकारी दीपक बुडलाकोटी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

