शारदा नदी में लापता दो युवकों की तलाश तीसरे दिन भी जारी, कई एजेंसियां जुटीं
टनकपुर/चम्पावत। पूर्णागिरि तहसील क्षेत्र के बूम रेंज में शारदा नदी में बह गए दो युवकों की तलाश के लिए बुधवार को भी व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसएसबी इंटेलिजेंस सहित विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने नदी किनारे और संभावित क्षेत्रों में गहन खोजबीन की।
जानकारी के अनुसार 22 जून 2026 को बूम रेंज क्षेत्र में दो युवकों के शारदा नदी में बह जाने की सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चम्पावत को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राजस्व विभाग, पुलिस, फायर सर्विस, चिकित्सा विभाग और एसडीआरएफ को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे।

लापता युवकों की पहचान नैतिक सक्सेना (18 वर्ष) पुत्र वीर बहादुर सक्सेना निवासी वार्ड नंबर-03, इंग्लिश वाइन शॉप के निकट, टनकपुर तथा तरुण सक्सेना (20 वर्ष) पुत्र बाबूराम सक्सेना निवासी वार्ड नंबर-03, बर्मा लाइन, टनकपुर के रूप में हुई है।
घटना के बाद से ही एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की टीमें लगातार खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। बुधवार को ठूलीगाड़ पुलिस चौकी, एसएसबी इंटेलिजेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमों ने नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया। जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ खोज कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों युवकों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।



