उत्तराखण्डक्राइमनवीनतमपौड़ी

UTET में ‘मुन्नाभाई’ गिरफ्तार, दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया युवक

ख़बर शेयर करें -

कोटद्वार। उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी हिमांशु चौहान, ऊधमसिंह नगर के काशीपुर निवासी अभ्यर्थी विशाल कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मामला मंगलवार, 29 सितंबर को कोटद्वार के मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती इंटर कॉलेज कलाबड़ में आयोजित UTET परीक्षा के दौरान सामने आया। पुलिस को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र पर एक युवक किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। सूचना के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी तत्काल परीक्षा केंद्र पहुंचे।

Ad Ad

पहचान सत्यापन में खुला मामला

परीक्षा केंद्र पर युवक से पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। सत्यापन के दौरान उसकी पहचान वास्तविक अभ्यर्थी से अलग पाई गई। पुलिस के अनुसार, हिमांशु चौहान काशीपुर निवासी विशाल कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। मामले की पुष्टि के बाद पुलिस ने हिमांशु चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य चंदन सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

शिकायत के बाद पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम

बताया गया कि परीक्षा केंद्र पर युवक की मौजूदगी और पहचान को लेकर संदेह होने पर उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने प्रशासन को इसकी सूचना दी थी। शिकायत के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम परीक्षा केंद्र पहुंची और जांच-पड़ताल की।

बताया जा रहा है कि नगीना निवासी हिमांशु, काशीपुर निवासी अभ्यर्थी विशाल कुमार की जगह परीक्षा देने के लिए कोटद्वार पहुंचा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में प्रतिरूपण की इस घटना में आरोपी की भूमिका क्या थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं।

एएसपी कोटद्वार मनोज ठाकुर ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। परीक्षा में प्रतिरूपण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। वहीं, बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने मामले में नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करने और आरोपी के संभावित कनेक्शन की जांच की मांग की है।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड