दिल्ली: IRS अफसर की बेटी की हत्या और दुष्कर्म मामला; पूर्व नौकर राहुल द्वारका के होटल से गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स (अमर कॉलोनी) में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक वरिष्ठ आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की उसके घर के भीतर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और परिवार के पूर्व नौकर राहुल मीणा (19) को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मृतका के पिता और उनकी पत्नी सुबह करीब 6:30 बजे जिम गए हुए थे। मृतका घर पर अकेली थी। सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में आरोपी राहुल सुबह 6:24 बजे घर के पास पीली टी-शर्ट और काली ट्राउजर पहने हुए दिखाई दिया। जब माता-पिता जिम से लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को बेसुध पाया। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के अनुसार हत्या के लिए मोबाइल फोन के चार्जर वायर (केबल) का इस्तेमाल किया गया था। हत्या से पहले पीड़िता के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था, जिससे वह संघर्ष न कर सके। पुलिस ने प्राथमिकी में दुष्कर्म (Rape) और लूटपाट की धाराएं भी जोड़ी हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी। आरोपी राहुल मीणा करीब एक साल से इस घर में काम कर रहा था, लेकिन उसे जुआ खेलने, कर्ज में डूबे होने और आदतन उधार मांगने के कारण करीब डेढ़ महीने पहले काम से निकाल दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि राहुल पर पहले से ही राजस्थान के अलवार में एक छेड़छाड़/दुष्कर्म का मामला दर्ज था। आरोपी को एक जूनियर अधिकारी की सिफारिश पर रखा गया था और उसका कोई पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था।
वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल ने अपने कपड़े बदले और बैग लेकर भाग निकला। उसे द्वारका के एक होटल से तकनीकी निगरानी के जरिए ट्रैक किया गया।
मृतका एक इंजीनियरिंग स्नातक थी और UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या लूटपाट ही मुख्य मकसद था या आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।

