उत्तर प्रदेशनवीनतमहादसा

भीषण हादसा: दो ट्रकों के बीच फंसी दो कारों में लगी आग, 9 सवार जिंदा जले, कुल 11 की मौत

ख़बर शेयर करें -

टक्कर के बाद दोनों कारों में आग लग गई, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मिर्जापुर/उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान मोड़ के पास बुधवार की रात उस समय मौत का तांडव देखने को मिला जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों में आग लग गई और उनमें सवार लोग देखते ही देखते जिंदा जल गए। बोलोरो में कुल 8 लोग सवार थे। इनमें दो महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल थे। वहीं स्विफ़्ट डिज़ायर में केवल ड्राइवर सवार था। इन सभी की जलकर मौत हुई है। वहीं ट्रक के खलासी की भी मौत हो गयी है। इस हादसे में 9 लोग जिंदा जल गए. कुल 11 लोगों की मौत हो गई है।

Ad Ad

हादसे का शिकार हुए सभी शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मध्य प्रदेश की तरफ से मिर्जापुर की ओर एक ट्रेलर ट्रक आगे चल रहा था, जिसके पीछे स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो कारें थीं। तभी पीछे से आ रहे चना लदे एक अन्य ट्रक ने इन दोनों कारों को पीछे से टक्कर मार दी जिससे कारें आगे चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ीं। इस भीषण टक्कर के कारण बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर में आग लग गई, जिसमें बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ड्रमंडगंज पुलिस और जिले के डीएम पवन कुमार गंगवार, कप्तान अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंच गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार सभी मिर्जापुर जनपद जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। मैहर में मुंडन संस्कार कराकर परिवार के साथ वापस हो रहे थे और ऑल्टो कार सवार सोनभद्र का रहने वाला था। ट्रक का खलासी और ड्राइवर की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से खलासी को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला गया। घटना के बाद वाराणसी-रीवा (मध्यप्रदेश) हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया था। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण देर रात तक राहत व बचाव कार्य में जुटे रहे ताकि फंसे हुए लोगों को निकाला जा सके। मध्यप्रदेश की ओर से आ रहे इन वाहनों के बीच हुई भिड़ंत ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिर्जापुर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि ट्रक ने पीछे से कार में टक्कर मार दी। इससे टक्कर से कारों में आग लग गई थी जिसमें कुल 11 लोगों की इस हादसे में मौत हुई है। सभी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवागमन सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है। लोगों की पहचान की जा रही है। प्रथम दृष्टया ट्रक के ब्रेक फेल होने से हादसा लग रहा है।

Ad Ad