चम्पावत पुलिस के ऐच्छिक ब्यूरो में पारिवारिक विवाद की सुनवाई, नहीं बन सकी आपसी सहमति
चम्पावत। चम्पावत पुलिस के ऐच्छिक ब्यूरो में प्राप्त एक पारिवारिक विवाद से संबंधित प्रकरण की सुनवाई एवं काउंसलिंग पुलिस अधीक्षक रेखा यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को अलग-अलग तथा संयुक्त रूप से सुनकर उनकी समस्याओं और मतभेदों को समझने का प्रयास किया गया।
ब्यूरो के सदस्यों ने दोनों पक्षों को आपसी संवाद, धैर्य, संयम और पारिवारिक जिम्मेदारियों के महत्व के बारे में समझाया तथा विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पारिवारिक कलह का बच्चों एवं परिवार के अन्य सदस्यों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की भी जानकारी दी गई। ऐच्छिक ब्यूरो द्वारा दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से विवाद के निस्तारण के लिए पर्याप्त प्रयास किए गए, लेकिन सभी कोशिशों के बावजूद दोनों पक्ष किसी सर्वसम्मत समाधान पर नहीं पहुंच सके। मामले में सहमति नहीं बनने के कारण ऐच्छिक ब्यूरो ने प्रकरण में आवश्यक विधिक एवं वैधानिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए हैं। चम्पावत पुलिस ने कहा कि वह परिवार परामर्श एवं विवाद निस्तारण की प्रक्रिया के माध्यम से पारिवारिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

