चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : केतन लाल हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग, मूल निवासी संघ ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत विशेष न्यायालय का गठन कर प्रकरण की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करने की मांग

चम्पावत। मूल निवासी संघ उत्तराखंड ने टिहरी जिले के प्रताप नगर निवासी केतन लाल हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन के जिलाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।

Ad Ad

ज्ञापन में संघ ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराई जाए। इसके साथ ही संगठन ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत विशेष न्यायालय का गठन कर प्रकरण की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि पीड़ित पक्ष को समयबद्ध न्याय मिल सके।

संघ का कहना है कि यदि दोषियों को उनके अपराध के अनुरूप दंड नहीं मिला तो इससे अनुसूचित वर्ग के लोगों का सामाजिक व्यवस्था और कानून पर विश्वास कमजोर होगा। संगठन ने चेतावनी दी कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात की स्थिति में वह सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को न्याय दिलाना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में सूरज कुमार और रमेश कोहली सहित अन्य कार्यकर्ता भी शामिल रहे।

उल्लेखनीय है कि टिहरी जिले के खेलागढ़ गांव निवासी यशवीर सिंह पंवार और उनके परिवार पर आरोप है कि उन्होंने देवल गांव के केतन लाल को 7 जून को धोखे से घर बुलाकर निर्मम हत्या कर दी। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने यशवीर सिंह पंवार समेत कुछ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।