एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता बॉक्सर कपिल पोखरिया ने सीएम धामी से की मुलाकात
खटीमा। एशियन गेम्स-2026 में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाले अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर कपिल पोखरिया ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। कपिल ने कालापुल, नगला तराई स्थित मुख्यमंत्री के निजी आवास पर पहुंचकर उनसे भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कपिल पोखरिया की उपलब्धि ने उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कपिल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करते रहेंगे। गौरतलब है कि कपिल पोखरिया ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 की पुरुष 90 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम किया।

